सरे राह आँख में गोली मारकर हत्या करने वाले एक मुठभेड़ सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में देर रात ईसाइयों की पुलिया के पास हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने युवक की आंख में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान बिशारतगंज कस्बा निवासी गौरव गोस्वामी के रूप में हुई। वारदात के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, विवाद का कारण अनस उर्फ मुलायम के ऑटो को लेकर हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपियों और गौरव में कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से गौरव की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए सबसे पहले अनस उर्फ मुलायम पुत्र लतीफ निवासी खुर्रम घोटिया और चंदन पुत्र कल्याण निवासी नवादा शेखान को गिरफ्तार किया। वहीं, तीसरे आरोपी शेखर पुत्र स्व. रामप्रकाश यादव को मुखबिर की सूचना पर 99 बिगा के पास मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया। पुलिस और शेखर के बीच हुई मुठभेड़ में कुछ देर फायरिंग भी चली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा व अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लोगों में राहत की भावना है।


